बलिया, 29 सितम्बर (हि.स.)। प्रेम प्रपंच में हुए विवाद में एक प्रेमी ने गुरुवार की देर रात खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। उसे बचाने के दौरान उसकी प्रेमिका भी घायल हो गई। गोली की आवाज सुन मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्रेमी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वही प्रेमिका का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

शहर कोतवाली क्षेत्र के जमुआ गोपालपुर निवासी पहले से शादीशुदा सोनू उर्फ शानू गोड़ (26) पुत्र राजा गोड़ का क्षेत्र के एससी कॉलेज निवासी एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार की देर रात जमुना गोपालपुर ईंट भट्ठे के पास दोनों मिलने पहुंचे। जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद युवक ने खुद को अवैध असलहे से गोली मार ली। इस बीच उसे बचाने में प्रेमिका भी घायल हो गई। दोनों लहूलुहान होकर गिर गए। गोली की आवाज सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। जबकि युवती का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक युवती खतरे से बाहर है।

घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक एस आनंद भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मातहतों को जांच के आदेश दिए। शहर कोतवाल राजीव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि प्रेमी जोड़े को गोली लगने का मामला सामने आया है। इसमें प्रेमी सोनू ने अवैध पिस्टल से खुद को गोली मारी है। उसकी मौत हो गई है। घटना में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/एन पंकज/मोहित

Updated On 29 Sep 2023 10:15 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story