उदयपुर, 28 सितम्बर (हि.स.)। पुलिस ने खेरोदा थाना इलाके में राणीडूंगला गांव के कुएं में गांव के

ही अनाथ नाबालिग अशोक रावत (10) की हत्या कर लाश कट्टे में डाल फेंकने के आरोपी भीमा उर्फ भीमराज पुत्र बाबरु निवासी राणीडूंगला को पुलिस ने मुंबई के वसई इलाके से डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी व मृतक रिश्ते में चचेरे भाई है। आरोपी के सगे भाई ने करीब डेढ़ साल पहले मृतक नाबालिक की मां की हत्या की थी।

उदयपुर एसपी भुवन भूषण यादव ने गुरुवार को मीडिया को बताया कि 20 सितंबर को चचेरे भाई भीमराज (भीमा) (28) ने अपने छोटे भाई अशोक (10) की हत्या कर दी थी। वह हत्या के बाद मुंबई भाग गया था। उसे मुंबई के वसई से 27 सितंबर को पकड़ा गया और पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपित भीमा ने बताया कि 20 सितंबर को दोपहर 3 बजे मासूम अशोक गांव के ही भजे सिंह के घर के बाहर खेल रहा था। आरोपित पीटते हुए उसे अपने घर लेकर आया और कहा कि खेत में जाकर बैलों की देखभाल करे और उन्हें जंगल में चरने के लिए ले जाए। कुछ देर बाद अशोक बैलों को खेत में ही छोड़ कर खेलने आ गया। भीमा वहां पहुंचा और देखा कि अशोक वहां नहीं था। ऐसे में उसने गांव में खेल रहे अशोक को पकड़ा और नशे में पीटता हुआ उसे खेतों की तरफ ले गया। वहां लट्ठ से उसे पीटा।

एसपी भुवन भूषण यादव ने बताया कि एक बार तो अशोक भाग निकला, लेकिन फिर से उसे पकड़ कर सिर और मुंह पर वार किए। इससे अशोक की मौत हो गई। इसके बाद भीमा घबरा गया था। उसने रात होने का इन्तजार किया और फिर कट्टे में अशोक की लाश को डाल कर कुएं में फेंक दिया। इसके बाद वह मुंबई भाग गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित भीमा का सगा भाई भूरालाल रावत पहले ही मासूम अशोक की मां कैलाशी मीणा की हत्या के मामले में जेल में बंद है।

हिंदुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/ईश्वर

Updated On 28 Sep 2023 11:58 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story