बस्ती, 19 सितम्बर (हि.स.)। खैर ट्रस्ट के पूर्व मुतवल्ली एवं बेगम खैर गर्ल्स इंटर कालेज के प्रवन्धक मोहम्मद अकरम खान (58) ने मुरालीजोत स्थित अपने आवास पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। इस घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई। आत्महत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मंगलवार सुबह तक़रीबन पांच बजे की घटना बताई जा रही है।

अकरम ने बेड पर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी पर गोली मार ली है। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना का सटीक समय क्या रहा, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। घर वालों के अनुसार वह बेड पर ही मृत पड़े मिले। बेड पर खून बिखरा पड़ा था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस परिवारीजनों से घटना के संबंध में जानकारी एकत्र कर रही है।

घटना की जानकारी देते हुए सीओ सिटी विनय चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लगता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सबकुछ साफ हो जाएगा। वह सदर ब्लाक के बल्लीपट्टी गाँव के मूल निवासी थे।। उन्होंने कोई खुदकुशी नोट नहीं छोड़ा है। शहर में यह खबर फैलने के बाद लोगों की भीड़ घर के बाहर लग गई। आत्महत्या उन्होंने क्यों की यह स्पष्ट नहीं है लेकिन दबी ज़ुबान से चर्चा है कि मुतवल्ली पद के दौरान काफी लोगों ने दुकान एवं आवास के नाम पर पैसा दिया था। कर्ज को लेकर काफी परेशान रहते थे। काफी पैसा लौटा भी दिए थे। देनदारी बाकी थी। लोग पैसे की वापसी के लिए दबाव बना रहे थे। आर्थिक स्थिति खराब हो जाने के कारण काफी तनाव में रहा करते थे।

हिन्दुस्थान समाचार/महेंद्र/दिलीप

Updated On 20 Sep 2023 12:00 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story