नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। शाहदरा जिला के जगतपुरी इलाके में एक व्यक्ति ने रिश्ते को शर्मसार करते हुए अपने दो सौतेले बेटों के साथ गंदी हरकत की। आरोपित काफी समय से डरा-धमकाकर दोनों के साथ वारदात को अंजाम दे रहा था। लड़कों की मां को पता चला तो उसने अपने ही पति के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर दी। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर 46 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

इसी तरह के आरोप पिछले साल छोटे बेटे ने लगाए थे। तब भी पुलिस ने कुकर्म और पॉक्सो की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया था। आरोपित उस मामले में फिलहाल जमानत पर बाहर आया हुआ है। अब आरोपित ने दोबारा इसी तरह की गंदी हरकत अपने दोनों बेटों के साथ की है। पुलिस ने छानबीन के बाद कुकर्म और पॉक्सो की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस दोनों नाबालिगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा बाकी परिजनों से भी पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस के मुताबिक दोनों नाबालिगों की उम्र 13 और 14 साल है। दोनों ही लड़के महिला के पहले पति से हैं और महिला के साथ जगतपुरी इलाके में रहते हैं। कई साल पहले महिला ने आरोपित से दूसरी शादी की थी।

आरोपित महिला के बच्चों को पसंद नहीं करता था। पिछले साल आरोपित ने छोटे बेटे के साथ गंदी हरकत की थी। जमानत पर बाहर आने के बाद वह दोबारा परिवार के साथ रहने लगा। इस बीच उसने अबकी बार दोनों नाबालिगों के साथ गंदी हरकत की। वारदात के बाद आरोपित ने किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी लेकिन लड़कों ने अपनी मां को सारी बात बता दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/जितेन्द्र

Updated On 20 Sep 2023 12:00 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story