नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। आर्थिक र्मोचे पर झटका देने वाली खबर है। लगातार दो हफ्ते की बढ़ोतरी के बाद विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज हुई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 19 मई को समाप्त हफ्ते में 6.052 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 593.477 अरब डॉलर पर आ गया है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने यह जानकारी दी है।

आरबीआई की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 19 मई को समाप्त हफ्ते में विदेश मुद्रा भंडार 6.052 अरब डॉलर घटकर 593.47 अरब डॉलर रह गया है। इससे पिछले हफ्ते देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 3.5 अरब डॉलर उछलकर करीब 600 अरब डॉलर रहा था। इस दौरान विदेशी मुद्रा भंडार में अहम योगदान देने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां भी 4.654 अरब डॉलर घटकर 524.945 अरब डॉलर रह गया है।

आंकड़ों के मुताबिक 19 मई को समाप्त हफ्ते में स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.227 अरब डॉलर घटकर 45.127 अरब डॉलर हो गया है। आरबीआई के मुताबिक विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) भी 13.7 करोड़ डॉलर घटकर 18.27 अरब डॉलर पर आ गया है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में रखा देश का मुद्रा भंडार 3.5 करोड़ डॉलर घटकर 5.13 अरब डॉलर रह गया। गौरतलब है कि अक्टूबर, 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रजेश शंकर/दधिबल

Updated On 26 May 2023 7:42 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story