बेगूसराय, 29 सितम्बर (हि.स.)। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी-सह-मिशन निदेशक के पत्र के आलोक में स्वच्छता ही सेवा के तहत एक अक्टूबर को विशेष स्वच्छता श्रमदान अभियान की शुरूआत होगी।

डीएम रोशन कुशवाहा ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा स्वच्छता ही सेवा के तहत बृहद स्तर पर लोगों के नेतृत्व में 01 अक्टूबर को सुबह दस बजे से महात्मा गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर श्रद्धांजलि स्वरूप एक विशेष स्वच्छता श्रमदान अभियान को आयोजित किया जाना है।

जिला जल एवं स्वच्छता समिति के समग्र पर्यवेक्षण में प्रखंड परियोजना प्रबंधक इकाई द्वारा एक अक्टूबर को स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का निष्पादन किया जाएगा। प्रत्येक प्रखंड द्वारा नागरिक पोर्टल स्वच्छता ही सेवा पर एक अक्टूबर को किए जाने वाले श्रमदान पोर्टल को क्रिएट किया जाएगा।

प्रत्येक ग्राम पंचायत द्वारा स्वच्छता अभियान आयोजनों के लिए स्थलों की पहचान कही जाएगी। आयोजन स्थल के लिए प्रमुख रूप से वर्षों पुराने कूड़े के ढ़ेर, पर्यटन स्थल, ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थल, गांव के प्रमुख सार्वजनिक स्थल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार-हाट, संपर्क मार्ग, गंगा एवं अन्य नदी के घाटों, तालाब इत्यादि का चयन किया जा सकता है।

प्रति पंचायत कम से कम एक उपर्युक्त स्थल का निर्धारण किया जाना है। इनमें से प्रत्येक चयनित स्थल पर किये जाने वाले कार्य को एसबीएम पोर्टल पर एक विशिष्ट पहचान के साथ क्रिएट किया जाना है। इन आयोजनों को सभी स्थानीय संचार माध्यम से भी व्यापक रूप से प्रचारित किया जाना है। यह सभी निर्मित कार्यक्रम गूगल मानचित्र पर उपलब्ध होंगे।

जिसे नागरिक पोर्टल पर लोगों द्वारा उपलब्ध विकल्पों के माध्यम से देखा जा सकता है। एक अक्टूबर को ग्राम पंचायत में निर्धारित स्थल पर स्वच्छता श्रमदान गतिविधि का आयोजन सुबह दस बजे से सुनिश्चित किया जाएगा, जिसमें कम से कम एक घंटे का श्रमदान किया जाना है। यह कार्यक्रम जिले के सभी 217 पंचायत के 699 गांव तथा नगर निगम क्षेत्र एवं सभी नगर परिषद के सभी वार्डो में भी आयोजित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा

Updated On 29 Sep 2023 7:08 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story