बेरोजगारों को चार-पांच लाख की सहायता देंगे : मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, 19 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि वह शीघ्र ही असम के बेरोजगारों को 4 से 5 लाख रुपए की एक मुश्त आर्थिक सहायता देने की योजना शुरू करेंगे। इस राशि से बेरोजगार अपने लिए कोई रोजी-रोटी का साधन खड़ा कर पाएंगे। ये बातें मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने आज मध्य प्रदेश में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बीते असम विधानसभा चुनाव के समय लोगों से वादा किया था कि उनकी सरकार बनी तो एक लाख बेरोजगारों को सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। उनकी सरकार बनने के 1 साल के अंदर 1 लाख लोगों को नौकरियां दे दी गई। अगले 3 वर्षों में और एक लाख लोगों को असम में सरकारी नौकरियां देने की घोषणा मुख्यमंत्री डॉक्टर सरमा ने की है।
उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस तेलंगाना में जहां बेरोजगारों को ढाई हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता दे रही है, वहीं छत्तीसगढ़ में यह नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि छत्तीसगढ़ की जनता के साथ इस तरह की नाइंसाफी क्यों? मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में सरकार बनने के बाद यहां चल रहे विकास के कार्यों को जारी रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की यह कहते हुए निंदा की कि छत्तीसगढ़ का पैसा दूसरे राज्यों के चुनाव में खर्च करना सही नहीं है। अपने संबोधन में उन्होंने जहां भाजपा की केंद्र और राज्यों की सरकारों द्वारा किए जा रहे अनेक विकास संबंधी कार्यों की चर्चा की। वहीं, उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस की इस दौरान जमकर निंदा की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद
