राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों एवम बुराइयों को मिटाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका:डीएम

किशनगंज,16 नवंबर (हि.स.)।राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर डीएम श्रीकांत शास्त्री के द्वारा जिले के सभी मीडिया प्रतिनिधियों (प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवम जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में प्रेस क्लब किशनगंज के संवाद कक्ष में राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम ने दीप प्रज्वलित करके किया।

परिचर्चा में डीएम श्रीकांत शास्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि मीडिया लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस प्रेस की स्वतंत्रता के साथ-साथ प्रेस की जिम्मेदारियों की ओर भी हमारा ध्यान आकृष्ट करता है। उन्होंने कहा कि आज बदलते परिवेश में निष्पक्षता की जवाबदेही मीडिया के समक्ष सबसे बड़ी जवाबदेही है।

सोशल मीडिया के कारण आज अनेक प्रकार की चुनौतियां भी है फिर भी लोगों का विश्वास आज भी मीडिया के प्रति बहुत ही ज्यादा है। डीएम ने अपने संबोधन में मीडिया कर्मियों से निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में तथ्यात्मक भूल आधारित पत्रकारिता से त्वरित लोकप्रियता तो हासिल की जा सकती है, परंतु जो गंभीर और सजग पत्रकारिता करते हैं, उन्हें सदा के लिए याद रखा जाता है।

अपर समाहर्त्ता अनुज कुमार ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया अपनी जबाबदेही को बखूबी निर्वहन कर रहा है। आजादी के बाद एक लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में हमारी अस्मिता को प्रखर स्वरूप प्रदान करने का काम भी पत्रकार बधुओं ने अनवरत जारी रखा है। परिचर्चा में एसडीएम अमिताभ कुमार गुप्ता ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के साथ साथ सामाजिक कुरीतियों एवम बुराइयों को मिटाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। मौके पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने सभी मीडियाकर्मियों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक बधाई दी। परिचर्चा में जिला के सभी मीडिया/ब्यूरो की सशक्त उपस्थिति रही और राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को गरिमा प्रदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र

Updated On 22 March 2023 11:51 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story