गया, 28नवम्बर( हि. स.)। गया बोधगया के लिए महत्वकांक्षी गंगाजल आपूर्ति योजना के तहत हर घर गंगा जल आपूर्ति की विभिन्न योजनाओं का आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर बोधगया के सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि गया बोधगाया पौराणिक ऐतिहासिक महत्व का स्थान है। गया में प्राचीनकाल से लोग अपने पितरों को मोक्ष दिलाने और पितरों से आशीर्वाद लेने आते हैं तो बोधगया में भगवान बुद्ध के दुनिया भर से अनुयायी आते हैं। इसके विकास के लिए हम और हमारी सरकार हमेशा से प्रतिबद्ध रही है। महाबोधि मंदिर के विकास से लेकर बोधगया का विकास किया गया है। गया में भी कितना काम हुआ है। फल्गु में रबड़ डैम बनाकर लोगों को सालों भर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास कर रही है। बिहार के हर लोगों को ध्यान में रखकर काम कर रही है।उसी का नतीजा है कि गया बोधगया में हर घर गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो गई है।इससे प्रति व्यक्ति 135लीटर गंगा जल प्रति दिन मिलेगा । मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना पर चार हजार एक सौ पचहत्तर करोड़ का खर्च आया है। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बिहार के लोगो के विकास और बेरोजगारी दूर करने के लिए काम कर रही है। जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा,कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत,पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी आदि ने भी संबोधित किया।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सबसे पहले मानपुर स्थित गंगाजल आपूर्ति योजना के जल शोधन संयंत्र,सीता कुंड में प्याऊ का उद्घाटन करते हुए सीता कुंड से फल्गु नदी में बने रबड़ डैम से नाव से विष्णुपद मंदिर पहुंचे और वहां पूजा अर्चना की। रामसागर में प्याऊ का उद्घाटन किया।वहां से वे बोधगया गए और महाबोधि मंदिर में पूजा अर्चना कर सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित किया।उन्होंने लोगों से मिलजुल कर रहने और लड़ाई झगड़ा नहीं करने की भी सलाह दी।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनील सौरभ

Updated On 22 March 2023 11:51 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story