वाराणसी। धर्म, अध्यात्म और आस्था के साथ ही साथ प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस को देखने, जानने और समझने की जिज्ञासा सिर्फ भारतीय नागरिकों को नहीं विदेशियों को भी है।…

वाराणसी। धर्म, अध्यात्म और आस्था के साथ ही साथ प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस को देखने, जानने और समझने की जिज्ञासा सिर्फ भारतीय नागरिकों को नहीं विदेशियों को भी है। कोरोना काल में पर्यटन में लगी ब्रेक के बाद एक बार फिर बनारस में पर्यटन को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम बनने से नयी परवाज़ मिली है। ऐसे में सड़क, ट्रेन और हवाई मार्ग के साथ ही साथ अब जल मार्ग से भी पर्यटक काशी आना चाहते हैं और यहां गंगा के किनारे हज़ारों सालों से नित्य बाद रही संस्कृति को देखना और समझना चाह रहे हैं।

इसी क्रम में गंगा विलास क्रूज 32 स्विस पर्यटकों को लेकर नए साल पर वाराणसी पहुंचेगा। इस क्रूज की आधिकारिक यात्रा कोलकाता से गुरूवार को शुरू हुई, जो पटना होते हुए वाराणसी में समाप्त होगी। पर्यटक मिर्जापुर के चुनार भी जाएंगे। ये क्रूज 6 जनवरी 2023 को वाराणसी पहुंचेगा। यहां से 13 जनवरी को ये डिब्रूगढ़ जाएगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से डिब्रूगढ़ तक की सबसे लंबी रिवर यात्रा के टाइम टेबल का विमोचन वाराणसी में बीती 11 नवंबर को किया था।

भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के मुख्य अभियंता रविकांत ने बताया कि यह यात्रा एक ही रिवर शिप द्वारा की जाने वाली दुनिया की सबसे लंबी यात्रा है।पर्यटक यहाँ काशी के अध्यात्म और संस्कृति साथ ही यहाँ के स्वादिष्ट व्यंजनों का भी लुत्फ़ उठाएंगे। उन्होंने बताया कि गंगा विलास क्रूज भारत में निर्मित पहला रिवर शिप है, जो काशी से बोगीबील (डिब्रूगढ़) तक सबसे लंबी जलयान यात्रा कराएगा। यह यात्रा 3200 किलोमीटर की है। 50 दिन का यह सफर भारत और बांग्लादेश के 27 रिवर सिस्टम से गुजरेगा। यह यात्रा विरासत से जुड़े 50 से अधिक जगहों पर रुकेगी। यह जलयान राष्ट्रीय उद्यानों और अभयारण्यों से भी गुजरेगा, जिसमें सुंदरबन डेल्टा और काजीरंगा नेशनल पार्क शामिल हैं। यात्रा उबाऊ न हो, इसलिए क्रूज पर गीत-संगीत, लाइब्रेरी, जिम और सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी व्यवस्था की गई है। क्रूज आधुनिक सुविधाओं से युक्त और पूरी तरह सुरक्षित है।

बता दें कि इस परियोजना ने भारत और बांग्लादेश को दुनिया के रिवर क्रूज नक्शे पर ला दिया है। इससे भारत की अन्य नदियों में भी रिवर क्रूजिंग के बारे में जागरूकता बढ़ेगी। गंगा विलास क्रूज की लंबाई 62.5 मीटर, चौड़ाई 12.8 मीटर और ड्राफ्ट 1.35 मीटर है। इसमें 18 सुइट्स हैं।

Updated On 23 Dec 2022 1:35 AM GMT
Anurag

Anurag

Next Story