वाराणसी से लापता हुए बच्चों के परिवार के मदद को आगे आईं सामाजिक संस्थाएं, किया हर संभव मदद का वादा

वाराणसी। शहर से गायब हुए बच्चों के परिवार को हर संभव मदद के लिए स्वयं सेवी संस्थाएं आगे आयी हैं। उन्होंने बुधवार को शास्त्री घाट पर धरना दे रहे पीड़ित परिवार को अपना पूरा समर्थन दिया है। चिलचिलाती धूप में न्याय की उम्मीद को लेकर धरने पर बैठे परिवार को सभी ने सहायता देने के लिए अपना समर्थन दिया है।
वाराणसी किन्नर समाज के अध्यक्ष सलमान और सामाजिक संस्था दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान की अध्यक्ष संतोषी शुक्ला, गुलिस्ता एकता किन्नर सेवा ट्रस्ट, युवा फाउंडेशन, रोटी बैंक, शिवशक्ति सेवा फाऊंडेशन, आइडियल वूमेंस वेलफेयर सोसाइटी, निरंजना फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने भी पीड़ित परिवार की आवाज बन उन्हें न्याय दिलाने का वादा किया है। इसके साथ ही विधिक परामर्श के साथ ही न्यायालय तक के लिए भी परिवार को नि:शुल्क सहायता का सभी ने वादा किया।
बुधवार को सभी संस्थाओं के पदाधिकारी भी धरने पर बैठ न्याय की मांग की। दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान की अध्यक्षा संतोषी शुक्ला ने कहा कि पीड़ित परिवार के न्याय के लिए सभी उनके साथ हैं। और अब यह लड़ाई उनकी भी है। पीड़ित परिवार को संस्था के विधिक सलाहकार शशांक शेखर त्रिपाठी एडवोकेट के द्वारा निशुल्क विधिक सलाह व सहायता दी जाएगी।
बता दें कि बच्चों को अगवा कर अन्य राज्यों में ले जाकर बेचने वाले गैंग के 10 लोगों को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अन्य की खोज में राज्यों और कई जिलों में दबिश भी दी जा रही है। वहीं फ़िलहाल दो परिवार ऐसे हैं, जो पुलिस से न्याय की गुहार लगाए बैठे हैं। एक व्यक्ति राजस्थान का है, जिसकी 15 वर्षीय बच्ची कैंट स्टेशन से गुम हो गई थी, वहीं एक महिला भी है, जिसकी 3 वर्षीय बच्ची 4 वर्षों से लापता है। न्याय की आस में वह महिला अधिकारियों के दर भटक रही है, लेकिन फिलहाल कहीं से उसे न्याय मिलता नहीं दिख रहा है। ऐसे में दोनों परिवार के लोगों ने बुधवार को शास्त्री घाट पर धरना प्रदर्शन किया।
