वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के घमहापुर स्थित धान के खेत में मंगलवार की सुबह युवक का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। शव की शिनाख्त घमहापुर निवासी दिलीप पटेल (28 वर्ष) के तौर पर हुई। जिसके बाद युवक के परिजनों में कोहराम मचा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने इस संबंध में युवक के परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह दिलीप पटेल अपनी मां से अदलपुरा दर्शन करने की बात कहकर निकला था। शाम तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन की। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह वीरेंद्र नाम के एक शख्स की पत्नी जब अपने खेत आई, तो देखा कि एक व्यक्ति दो खेतों के बीच में बने नाली में पड़ा हुआ है। उसके पास नारियल चुनरी के साथ ही बच्चों के खिलौने आसपास बिखरा हुआ देखकर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भीड़ लग गयी।

जिसकी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रोहनिया पुलिस के साथ एसीपी विदुष सक्सेना, एडीसीपी मनीष शांडिल्य, डीसीपी अमित कुमार सहित फॉरेंसिक व डॉग स्क्वाड की टीम जांच पड़ताल में जुट गयी। डॉग स्क्वायड की टीम हरिजन बस्ती तक गई और फिर वहां से वापस लौट गयी।

मृतक दिलीप पटेल दो भाइयों में छोटा था। वह मजदूरी का करता था। उसकी शादी 8 वर्ष पूर्व बढैनी खुर्द निवासी प्रियंका पटेल से हुई थी। जिससे एक लड़का व एक लड़की है। ढाई वर्ष पूर्व पत्नी प्रियंका अपने दोनो बच्चों संग किसी अन्य के साथ चली गयी। कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम को वह नशे की हालत में अपने घर की ओर जा रहा था। घटना के बारे में डीसीपी अमित कुमार ने बताया कि शरीर में चोट के निशान नहीं मिले हैं। घटना को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना के मुख्य कारणों के बारे में पता चल पाएगा।

बनारसी नारद

बनारसी नारद

Next Story