वाराणसी। इंडियन हॉकी टीम के तेज-तर्रार ओलंपियन ललित उपाध्याय तीसरी बार हॉकी वर्ल्ड कप (Hockey World cup) खेलेंगे। इसे लेकर ललित काफी उत्साहित है उन्होंने कहा कि 1975 में हमने…

वाराणसी। इंडियन हॉकी टीम के तेज-तर्रार ओलंपियन ललित उपाध्याय तीसरी बार हॉकी वर्ल्ड कप (Hockey World cup) खेलेंगे। इसे लेकर ललित काफी उत्साहित है उन्होंने कहा कि 1975 में हमने आखिरी बार वर्ल्ड कप जीता था। इस बार टीम इंडिया जबरदस्त प्रदर्शन करेगी और 47 साल बाद एक बार फिर वर्ल्ड कप जीत कर दिखाएगी। बता दें कि इससे पहले साल 2014 में नीदरलैंड में और वर्ष 2018 में भुवनेश्वर में आयोजित हॉकी का वर्ल्ड कप ललित उपाध्याय खेल चुके हैं।

जीत दर्ज करके रचेंगे नया इतिहास- ललित

ललित उपाध्याय वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र के भगतपुर गांव के निवासी हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें हाल ही में डिप्टी एसपी के पद पर नियुक्त किया है। ललित का कहना है कि जैसे ओलंपिक में भारतीय टीम ने 41 सालों के सूखे को खत्म किया, उसी तरह हॉकी विश्व कप में 1975 के बाद जीत दर्ज करके नया इतिहास लिखने उतरेगी। जनवरी 2023 में होने वाले हॉकी के वर्ल्ड कप के लिए हमारी टीम की तैयारियां अच्छी चल रही हैं।

अपने देश में वर्ल्ड कप होने से मिलेगा घरेलू मौहाल

उन्होंने आगे कहा कि टोक्यो ओलंपिक में अच्छे प्रदर्शन की वजह से इंडियन टीम वर्ल्ड कप को लेकर खासी उत्साहित है। बड़ी बात यह भी है कि वर्ल्ड कप अपने ही देश में हो रहा है, तो भुवनेश्वर और राउरकेला के घरेलू माहौल का हमें अच्छा लाभ मिलेगा।

मां-बाप बोले- सब बाबा विश्वनाथ की कृपा

ललित उपाध्याय का चयन वर्ल्ड कप के लिए होने पर उनके पिता सतीश उपाध्याय और मां रीता उपाध्याय काफी खुश हैं। पिता सतीश उपाध्याय ने कहा कि सब बाबा विश्वनाथ की कृपा और ललित की मेहनत का परिणाम है। अपने बच्चे को बुलंदियों की ओर जाते देखना भला किस मां-बाप को अच्छा नहीं लगता है। बाबा विश्वनाथ से हमारी यही प्रार्थना है कि ललित अच्छा प्रदर्शन करें और इंडियन टीम इस बार हॉकी का वर्ल्ड कप जरूर जीते। बता दें कि शुक्रवार को जब हॉकी वर्ल्ड कप के लिए इंडियन टीम का ऐलान किया गया तभी से उन्हें बधाई देने के लिए उनके घर लोगों का तांता लगा है।

बता दें कि हॉकी विश्व कप का आयोजन ओडिशा में 13 जनवरी से होगा। फाइनल मुकाबला 29 जनवरी को खेला जाएगा। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर और राउरकेला में मुकाबले में खेले जाएंगे।

ललित की उपलब्धियां

अपने 15 साल से अधिक के करियर में तीन बार एशियन चैंपियनशिप में दो बार स्वर्ण और एक बार कांस्य पदक, विश्व लीग मैच में कांस्य पदक, बर्मिंघम राष्ट्रमंडल में रजत, एशिया कप में स्वर्ण, एशियाई खेल में कांस्य और ओलंपिक में कांस्य पद जीतने वाली टीम के सदस्य रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं हिस्सा ले चुके है।

Updated On 24 Dec 2022 1:04 AM GMT
Anurag

Anurag

Next Story