प्रयागराज, 29 सितम्बर (हि.स.)। पुरानी पेंशन स्कीम को लागू कराने के लिये चलाये जा रहे आंदोलन एन.एम.ओ.पी.एस का समाजवादी पार्टी पूरा समर्थन करेगी। आगामी 1 अक्टूबर को अटेवा द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली विशाल रैली में समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा से जुड़े हजारों की संख्या में शिक्षक शामिल होंगे।

सपा के मीडिया प्रभारी दान बहादुर ने बताया कि इसके लिये सपा शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ एस पी सिंह पटेल ने पत्र जारी कर शिक्षकों से अपील भी की है। उन्होंने बताया कि सपा शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ मान सिंह यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पिछले विधानसभा चुनाव में ही उत्तर प्रदेश में शिक्षकों एवं सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ देने का वादा किया था। 2022 के चुनावी घोषणा पत्र में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से शामिल किया गया था।

सपा एमएलसी ने भाजपा की केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह शिक्षकों एवं सरकारी कर्मचारियों के प्रति द्वेष भावना रखती है, जिसका खामियाजा उसे आगामी 2024 के आम चुनाव में भुगतना पड़ेगा।

डॉ मान सिंह यादव ने बताया कि सपा के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर वह स्वयं इस विशाल रैली को समर्थन देने के लिये पहुंचेंगे। वह शनिवार को ही प्रयागराज से दिल्ली रवाना होंगे। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश से लाखों की संख्या में शिक्षक एवं विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारी शामिल होकर पुरानी पेंशन बहाली के लिये हुंकार भरेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/पदुम नारायण

Updated On 29 Sep 2023 9:05 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story