हमीरपुर, 29 सितम्बर (हि.स.)। बुन्देलखंड में अब धान की फसल पर खतरा मंडरा रहा है। इन दिनों कीटों के अटैक करने से तमाम गांवों में धान की पांच फीसदी फसल खराब हो गई है। किसान परेशान हैं।

बुन्देलखंड के हमीरपुर जिले में इस साल एक लाख हेक्टेयर अधिक क्षेत्रफल में खरीफ की फसल है। इनमें 495 हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की फसल है। यह लक्ष्य से चालीस गुना है। जिले के सुमेरपुर और कुरारा क्षेत्र में धान की खेती सर्वाधिक किसानों ने की है। जबकि मौदहा क्षेत्र में भी पहली बार धान की खेती किसानों ने शुरू की है। बुन्देलखंड के चित्रकूट धाम बांदा मंडल के महोबा, चित्रकूट, हमीरपुर व बांदा में भी हजारों हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की खेती किसानों ने की है। इस बार खेतों में धान की फसलें लहलहाती देख किसानों की उम्मीदों के पंख लगे थे लेकिन इस बीच कीटों के अटैक से हजारों किसान चिंता में पड़ गए हैं।

किसानों का कहना है कि अभी तक 20 फीसदी धान की फसलें कीटों के अटैक से बर्बाद हो गई हैं। धान की फसलों में कीड़े लगने से कृषि विभाग के अधिकारी भी हैरान हैं। किसानों ने बताया कि कीड़े पहले पत्ती खाते हैं। फिर बाली की जगह पहुंचकर नुकसान पहुंचाते हैं। इससे पौधे बेकार हो जा रहे हैं। कीटों के अटैक से उत्पादन भी गिर जाता है। इस बार धान में तीसरी बार दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। इस वजह से खेती में लागत अब और बढ़ गई है।

जिला कृषि अधिकारी डाॅ. हरीशंकर ने बताया कि इस समय धान की फसल में पत्ती के आसपास कीड़े देखने को मिल रहे हैं। यह कीड़े यहीं अंडे देते हैं, फिर पौधे को काटने लगते हैं। इसके बाद यह गिडार सूड़ी का रूप लेकर धान के पौधे को काटने लगते हैं। इसीलिए पत्ती के साथ तना भी कमजोर हो जाता है। उपनिदेशक कृषि हरीशंकर भार्गव ने बताया कि धान की फसलों में कीड़ा लगने की सूचना है। किसानों को सलाह दी गई है कि राजकीय कृषि रक्षा केन्द्र से कीटनाशी पाउडर या तरल लेकर उसका समय से छिड़काव कराएं।

मुनाफा के लिए किसानों ने धान की खेती का बढ़ाया रकबा

पिछले कई सालों से किसान धान की खेती कर मोटा मुनाफा ले रहे हैं। इस बार तो इसकी खेती का क्षेत्रफल ही बढ़ गया है। लक्ष्य से चालीस गुना क्षेत्रफल में धान की बुआई होने से विभाग भी दंग है। उपनिदेशक कृषि हरीशंकर भार्गव ने बताया कि इस साल 12 हेक्टेयर क्षेेत्रफल में धान की खेती कराने के लिए लक्ष्य था लेकिन इसकी खेती में मोटा मुनाफा होने के कारण अबकी 495 हेक्टेयर से अधिक रकबे में धान की बुआई हुई है।

धान की फसलों में कीटों का अटैक, किसानों को लगा बड़ा झटका

इस बार बुन्देलखंड के किसानों को धान की खेती में तगड़ा झटका लग रहा है। हमीरपुर समेत अन्य जिलों में खेतों में लहलहाती धान की फसलों में अचानक कीटों ने अटैक कर दिया है। इससे बीस फीसदी फसल चौपट हो गई है। भैंसापाली के रामरतन, टोडरपुर के केके कुशवाहा, चन्द्रपाल व सुरेश कुमार समेत तमाम किसानों ने बताया कि इस बार धान की फसल कीटों से चौपट हो रही है। खेतों में धान की फसल में पौधे के ऊपरी भाग में पत्ती के आसपास कीड़े लग गए हैं। इससे धान के लहलहाते पौधे सूखने लगे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/दिलीप

Updated On 29 Sep 2023 6:46 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story