गंगटोक, 13 जनवरी (हि.स.)। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सिक्किम सरकार के अधीन कार्यरत एडहॉक, एमआर और संविदा कर्मचारियों के साथ-साथ परिवीक्षाधीन शिक्षकों को नए साल का शानदार तोहफा दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि अब सभी कर्मचारी मातृत्व और पितृत्व अवकाश के लिए समान रूप से हकदार होंगे।

मुख्यमंत्री तमांग ने शुक्रवार सुबह अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के जरिए इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा है कि उन्हें नए साल 2023 की शुरुआत में इस तरह की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। अब सिक्किम सरकार के तहत कार्यरत एडहॉक, एमआर, संविदा कर्मचारियों के साथ-साथ परिवीक्षाधीन शिक्षकों को 365 दिन का मातृत्व अवकाश और 30 दिन का पितृत्व अवकाश मिलेगा। यह अवकाश उन्हें नियमित सरकारी कर्मचारियों के समान स्तर पर प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के इस घोषणा के बाद सरकारी कर्मचारी विभिन्न सामाजिक संजाल के माध्यम से अपनी खुशी व्यक्त कर रहे हैं और मुख्यमंत्री तमांग का आभार व्यक्त कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/बिशाल

Updated On 22 March 2023 2:39 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story