मुंबई, 30 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी के इकलौते सांसद बालू धानोरकर (47) का बुधवार को चंद्रपुर के वणी- वरोरा बायपास पर स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा । सांसद धानोरकर का मंगलवार तडक़े दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर चंद्रपुर लाया जाएगा और उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

जानकारी के अनुसार बालू धानोरकर का किडनी स्टोन का ऑपरेशन 26 मई को नागपुर में किया गया था। 28 मई को उनके पिताजी नारायण धानोरकर का निधन हो गया। उसी दिन उनकी तबीयत बिगडऩे के बाद धानोरकर को तत्काल दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन आज तडक़े उन्होंने दिल्ली के मेदांता अस्पताल में ही अंतिम सांस ली। सांसद धानोरकर के निधन पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, राकांपा प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने दुख जताया है।

उल्लेखनीय है कि बालू धानोरकर ने अपना राजनीतिक सफर शिवसेना से शुरु किया था। वर्ष 2014 में बालू धानोरकर शिवसेना के टिकट पर वरोरा-भद्रावती विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद वर्ष 2019 में बालू धानोरकर कांग्रेस में शामिल हो गए और चंद्रपुर- वणी - आर्णी संसदीय सीट से चुनाव लड़ा। महाराष्ट्र सहित पूरे देश में मोदी लहर होने के बाद भी बालू धानोरकर कांग्रेस पार्टी के इकलौते सांसद के रुप में चुनाव जीते थे।

पिछले चार दिनों से धानोरकर परिवार एक के एक दुख झेल रहा है। दो दिन पहले की बालू धानोरकर के पिता का निधन हो गया था । अब बालू धानोरकर का भी निधन हो गया है। पिता-पुत्र की लगातार मौत से धानोरकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दूसरी ओर, एक युवा नेता का समय से पहले जाना राजनीतिक क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है। बालू धानोरकर के परिवार में उनकी पत्नी प्रतिभा धानोरकर और दो बच्चे हैं। प्रतिभा धानोरकर वरोरा -भद्रावती सीट से कांग्रेस विधायक हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ राजबहादुर/सुनील

Updated On 30 May 2023 12:23 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story