धर्मशाला, 30 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल महिलाओं को आगे बढ़ने के उतने मौके नहीं देता, जितने अवसर भाजपा में मिलते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए कई कदम उठाए हैं। शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा जिला नूरपुर की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा प्रभारी ने यह बात कही।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिपरिषद् में पिछले दिनों हुए विस्तार में सात और महिला मंत्रियों को शामिल किया गया है। जिसके बाद नरेंद्र मोदी सरकार में महिला मंत्रियों की संख्या अब बढ़कर 11 हो गई है। मंत्रिपरिषद् में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए खन्ना ने कहा कि महिलाओं को सम्मान देने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार ने स्व. सुषमा स्वराज को देश की विदेश मंत्री बनाया था। इसके अलावा सुमित्रा महाजन को लोकसभा अध्यक्ष के पद पर बिठाया था। वहीं अब हिमाचल के मंत्रिमंडल में भी महिला को स्थान दिया गया है। उप मुख्य सचेतक भी महिला को बनाया गया है जबकि चेयरमैन, वाईस चेयरमैन व मेयर पद पर भी महिलाओं को स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी जीत के लिए महिला मोर्चा अग्रिम भूमिका में रहेगी। महिला मोर्चा व भाजपा मिशन रिपीट 2022 के लिए पूरी तरह तैयार है।

हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील

Updated On 21 May 2023 11:51 AM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story