मलबे में दबे सभी 10 लोगों के शव बरामद, पांच को निकाला गया था जीवित धर्मशाला, 18 जुलाई (हि.स.)। कांगड़ा जिला के शाहपुर उपमंडल की बोह घाटी के रूलेहड़ में भूस्खलन के कारण मलबे में दबे सभी 10 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसे के बाद सात दिनों तक चला रेस्क्यू रविवार देर शाम पूरा हो गया। घटना के सातवें दिन रविवारको 18 वर्षीय नीरज सुपुत्र स्व. भीमसेन के शव को भी मलबे से निकाल लिया गया है। एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बोह हादसे में मलबे में दफन आखिरी व्यक्ति के शव को भी रविवार को बाचव दल की टीमों ने खोज निकाला है। इस हादसे में मलबे में दबे सभी 10 शवों को निकालने के साथ ही सातवें दिन रेस्क्यू भी पूरा हो गया। गौरतलब है कि उक्त युवक की तलाश में पिछले तीन दिन से बचाव दल प्रयास कर रहा था। बीते 12 जुलाई को हुए शाहपुर के बोह हादसे में पांच लोगों को पहले ही दिन जिंदा निकाल लिया गया था। जबकि एक 21 वर्षीय युवती ममता पुत्री भीमसेन का शव बरामद हुआ था। उसके बाद अगले दिन 13 जुलाई को चार शव मलबे से बरामद हुए जिनमें 15 वर्षीय कार्तिक पुत्र भीमसेन, 45 वर्षीय मस्तो देवी पत्नी भीमसेन, 30 वर्षीय शिव प्रसाद पुत्र सुभाष चंद तथा 60 वर्षीय महिला शकुंतला देवी पत्नी प्रकाश चंद शामिल थीं। वहीं 14 जुलाई को तीन शव बरामद हुए जिनमें 45 वर्षीय कंचना देवी पत्नी मेघनाथ, 46 वर्षीय भीमसेन पुत्र घनिया राम तथा 18 माह की शबनम पुत्री विजय कुमार शामिल थे। इसके बाद 15 जुलाई को 75 वर्षीय सुभाष चंद का शव बरामद किया गया। जबकि इसके तीन दिन बाद आज नीरज का शव बरामद हुआ। बोह में हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार के सभी पांच लोगों को लील लिया। इस दर्दनाक हादसे में भीमसेन, उसकी पत्नी मस्तो देवी, उसके दो बेटे कार्तिक और नीरज तथा एक बेटी ममता की भी जान चली गई है। वहीं एक परिवार से पिता सुभाष चंद और बेटा शिव प्रसाद भी अपनी जान गवां चुके हैं। मरने वालों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। अभी मलबे के नीचे दफन युवक नीरज भी इसी परिवार से है। बीते सेामवार को भारी बारिश के बाद हुए भू-स्खलन के चलते शाहपुर उपमंडल की बोह घाटी के रूलेहड़ में पांच परिवारों के घर जमींदोज हो गए थे जिनमें रहने वाले 15 लोग भी मलबे के नीचे दब गए थे। हालांकि पांच लोगों को जीवित निकाल लिया गया था जबकि नौ लोगों के शव बरामद हुए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील
Updated On 22 March 2023 12:32 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story