उदयपुर, 29 सितम्बर (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुभाषिनी शरद यादव ने दावा किया है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही महिला आरक्षण को तुरंत लागू किया जाएगा और सभी वर्गों में लागू किया जाएगा।

यादव शुक्रवार को उदयपुर में मीडिया से मुखातिब थीं। उन्होंने प्रेसवार्ता में सवालों का जवाब देते हुए कहा कि महिला आरक्षण कांग्रेस, सोनिया गांधी, स्व. राजीव गांधी, मनमोहन सिंह, राहुल गांधी का अधूरा सपना था जिसे पूरा किया गया, इसका कांग्रेस समर्थन करती है। इस बिल के विषय में दो बातों पर आपत्ति है। पहली यह कि इसे तुरंत लागू क्यों नहीं किया गया और ओबीसी को जगह क्यों नहीं दी गई। नई संसद भवन में राष्ट्रपति को नहीं बुलाए जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें बुलाया जाना चाहिए था, उनका सम्मान होना चाहिए था।

राजस्थान विधानसभा चुनाव में महिलाओं को टिकट वितरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अधिवेशन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात कही गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी इसके पक्ष में हैं।

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने अन्य राजनीतिक दलों पर सवाल दागा कि कांग्रेस की महिला जनप्रतिनिधि जगह-जगह जाकर अपनी बात रख रही हैं, क्या कोई अन्य दल ऐसा कर रहा है। टिकट वितरण में स्थानीय को तवज्जो देने पर सहमति जताते हुए उन्होंने कहा कि चेहरे तय करने में लोकप्रियता का भी ख्याल रखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/संदीप

Updated On 29 Sep 2023 7:13 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story