- नोंग्मैथेम के कहानी संग्रह इबेम्मा अमासुंग नगाबेम्मा को बाल साहित्य पुरस्कार

- कवि परशुराम थिंगनम के कविता संग्रह मातम्गी शेइरेंग को मिलेगा युवा पुरस्कार

नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। साहित्य अकादमी ने शुक्रवार को मणिपुरी भाषा के लिए युवा और बाल साहित्य पुरस्कार की घोषणा की। दिलीप नोंग्मैथेम को उनके कहानी संग्रह इबेम्मा अमासुंग नगाबेम्मा के लिए बाल साहित्य पुरस्कार 2023 दिया जाएगा। वहीं, वर्ष 2023 के लिए युवा पुरस्कार कवि परशुराम थिंगनम के कविता संग्रह मातम्गी शेइरेंग को दिया जाएगा।

साहित्य अकादमी के सचिव डाॅ. के. श्रीनिवासराव ने बताया कि पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक तथा 50 हजार रुपये की सम्मान राशि बाद में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में प्रदान किए जाएंगे। यह दोनों पुरस्कार 1 जनवरी 2017 से 31 दिसंबर 2021 के मध्य प्रथम बार प्रकाशित हुई पुस्तक से संबंधित है। उन्होंने बताया कि कहानी संग्रह इबेम्मा अमासुंग नगाबेम्मा का चयन त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए किया। निर्णायक मंडल के सदस्यों में डॉ. हमोम नबचंद्र सिंह, डॉ. खुन्दोंग्बम गोकुलचंद्र सिंह और प्रो. नोरेम बिद्यासागर सिंह शामिल थे। उन्होंने बताया कि युवा पुरस्कार के चयन के लिए बनी त्रिसदस्यीय जूरी के सदस्यों में प्रो. अरुणा नहाकपम, प्रो. केएच. कुंजो सिंह और श्री शरतचंद थियम शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार/पवन कुमार/सुनील

Updated On 29 Sep 2023 7:55 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story