पलामू, 29 सितंबर (हि.स.)। मेदिनीनगर सदर प्रखंड क्षेत्र में राशन की कालाबाजारी के खिलाफ और रोक लगाने की मांग को लेकर उप प्रमुख शीतल सिंह चेरो, सतेन्द्र सिंह चेरो और राजेश सिंह चेरो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। छहमुहान पर उन्होंने भूख हड़ताल करते हुए धरना दिया।

कार्यक्रम में पहले दिन शुक्रवार को भाकपा के जिला सचिव रूचिर कुमार तिवारी, आम आदमी पार्टी के कौशल किशोर बच्चन, राजेश सिंह, अशोक सिंह, विजय कुमार सिंह, मुन्ना कुमार, ओंप्रकाश गुप्ता सहित अन्य समर्थन देते हुए धरना में शामिल हुए।

भाकपा के जिला सचिव ने कहा कि केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आम लोगों को अगस्त महीने का राशन नहीं मिल पाया है। सितंबर में राशन वितरण शुरू होते ही डीलर द्वारा प्रति यूनिट पांच की जगह तीन, दो या चार केजी राशन दिया जा रहा है। ऐसी स्थिति पूरे पलामू जिले में है। भ्रष्टाचार को बढ़ाने में नीचे से लेकर ऊपर तक के पदाधिकारी संलिप्त हैं। नतीजा डीलरों की मनमानी बढ़ी हुई है। उपायुक्त इस पर संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करें।

धरना के माध्यम से प्रत्येक महीने के शुरुआती सप्ताह में ही राशन मुहैया कराने, यूनिट पर पांच किलो खाद्यान्न देने, अंगूठा लगाने के बाद रसीद के अनुरूप राशन देने, रसीद और राशन कार्ड में जो वर्णित सामग्री का नाम है वह कार्डधारियों को उसी समय प्राप्त हो, अगस्त महीने का राशन कम या बिल्कुल नहीं बांटने वाले डीलरों की अनुज्ञप्ति रद्द करने, जिस डीलर पर डयूज गिर रहा है, उससे अविलंब राशन बंटवाने, आपूर्ति विभाग में बैठे भ्रष्ट पदाधिकारियों की सीबीआई जांच कराने आदि मांग की गयी।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिलीप कुमार/चंद्र प्रकाश

Updated On 29 Sep 2023 6:20 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story